गौरेला पेंड्रा मरवाही : राज्योत्सव के मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने स्टालों को किया अवलोकन

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर गुरुकुल खेल मैदान पेंड्रारोड में 2 से 4 नवम्बर तक आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों में विकास की झलक दिखाई दे रहा है। राज्योत्सव के शुभारंभ अवसर पर 2 नवम्बर को मुख्य अतिथि विधायक धरमलाल कौशिक और विशिष्ट अतिथियों ने सभी विभागीय स्टालों का अवलोकन किया। जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में जिला निर्माण के बाद से हुए विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। फोटो प्रदर्शनी में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में एक पेड़ मां के नाम पर लगाए गए पौधे, 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता, मुख्यमंत्री कन्या विवाह, रक्त शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की एचबी जांच, पर्यटन विकास, न्योता भोज, जनजातीय गौरव दिवस, पीएम आवास, विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन आदि प्रदर्शित किए गए हैं।
                राज्योत्सव स्थल पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा फसल प्रदर्शन एवं जैविक खेती, आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा पीएम जनमन, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा नावाचारी, महिला एवं बाल विकास द्वारा आदर्श आंगनबाड़ी एवं महतारी वंदन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास द्वारा स्वसहायता समूहों की दीदीयों द्वारा हस्त निर्मित विभिन्न उत्पादों एवं खाद्य सामग्रियों को प्रदर्शित किया गया है। इसी तरह राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पशुधन एवं मछली पालन, जिला विधिक सेवा, हाउसिंग बोर्ड, जिला ई-गर्वनेंस, जिला अग्रणी बैंक, पुलिस एवं परिवहन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, श्रम, समाज कल्याण, वाणिज्य एवं उद्योग, पर्यटन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरीय प्रशासन एवं विकास, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन एवं जलवायु परिवर्तन और विद्युत एवं क्रीडा विभाग द्वारा विभागीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।