ग्वालियर : केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (MITS) में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए अकादमिक ब्लॉक एवं 1,500 लोगों की क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम का भूमिपूजन किया।
ये परियोजनाएं संस्थान की शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की जा रही हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संस्थान के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। संस्थान अपने 70वें वर्ष की पूर्णता के करीब है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर संस्थान के बोर्ड ने निर्णय लिया है कि वर्तमान वर्ष के समापन से पहले ही अगले 70 वर्षों के विकास की नींव रखी जाए। नए अकादमिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम का निर्माण इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। लगभग 70 करोड़ रुपये का निवेश संस्थान के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये भवन छात्रों के सपनों, नवाचार और ज्ञान को नई दिशा देंगे। इससे शैक्षणिक गतिविधियों, शोध, विचारों के आदान-प्रदान और तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा।
वर्ष 1956 में जीवाजी सिंधिया द्वारा संस्थान की नींव रखी गई थी। आज यह डीम्ड यूनिवर्सिटी के रूप में तब्दील हो गई है। यह ग्वालियर के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शामिल है। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी पहचान रखने वाले इस संस्थान में वर्तमान में लगभग 5,000 छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यहां से शिक्षा प्राप्त छात्र देश और दुनिया में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा एवं उपलब्धियों से संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।